अमर कॉलोनी के गढ़ी में चाबी बनाने आए दो व्यक्ति घर से जेवरात समेटकर फरार होने लगे। गृहस्वामी ने शोर मचाया तो एक तो मौके पर ही पकड़ लिया गया। दूसरे को पुलिस के पेट्रोलिंग स्टाफ ने दबोच लिया।
आरोपी अमर सिंह (45) और जुगनू सिंह (40) के पास से पुलिस ने उड़ाए गए जेवरात, कुछ चाबियां और औजार बरामद किए हैं। ये इससे पूर्व भी दिल्ली में अलग-अलग जगह पांच वारदात में शामिल रहे हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि डीडीए फ्लैट, गढ़ी, अमर कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने गुरुवार को गली में घूम रहे दो लोगों को अलमारी की चाबी बनवाने के लिए घर बुलाया। वे घर में पहुंचे और उसका ध्यान भटकाकर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर उड़ा लिए। वारदात के बाद वे वहां से चले गए।
इधर, गृहस्वामी ने अलमारी देखी तो जेवर गायब थे। उसने शोर मचाया और एक आरोपी अमर सिंह को दबोच लिया। शोर सुनकर दूसरे आरोपी जुगनू सिंह को एएसआई देवी सहाय, हवलदार राजेश व सेवा सिंह ने दबोच लिया। उनके पास से चोरी किया गया माल बरामद हो गया।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि वे चाबी बनाने के बहाने लोगों का ध्यान बंटाकर अलमारी से माल उड़ाते थे। ये पहले भी ऐसे केस में गिरफ्तार हो चुके हैं। अमर सिंह उदयपुर, राजस्थान और जुगनू मध्य प्रदेश का रहने वाला है।