नई दिल्ली। अशोक विहार थाना पुलिस ने चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात डोरेमोन गैंग का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, चाकू और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद चार मामलों में 100 प्रतिशत बरामदगी की गई है और कुल 11 आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।
नॉर्थ-वेस्ट जिले की डीसीपी अकांक्षा यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ डोरेमोन और सनी के रूप में हुई है। दिनेश उर्फ डोरेमोन अशोक विहार का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सनी के खिलाफ एक मामला दर्ज है। 11 मार्च की रात करीब 10:20 बजे पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान राजा पार्क, बी-ब्लॉक, डब्ल्यूपीआईए के पास दो संदिग्ध युवक एक बाइक को घसीटते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दिनेश के पास से एक चाकू बरामद हुआ, जबकि सनी के कब्जे से मिली बाइक चोरी की निकली। पूछताछ में दोनों की संलिप्तता कई चोरी और लूट की वारदातों में सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।