जनसुनवाई में मिली थी शिकायत-
दिल्ली में वीजा धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 46 लोगों से ठगी के आरोप में दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस मामले में गिरोह के सरगना अबीर पोइलान (45) और उसके सहयोगी मुस्तकीम (38) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने कम से कम 46 लोगों से इस्राइल और इराक के वीजा के लिए लाखों रुपये ठगे। पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि एक अगस्त को सुभाष प्लेस थाने में जनसुनवाई के दौरान शिकायत मिली। आरोपियों ने नेताजी सुभाष प्लेस स्थित डायनेमिक ओवरसीज कार्यालय से यह गिरोह चलाया। उन्होंने इस्राइल वीजा के लिए 1.70 लाख रुपये और इराक वीजा के लिए 70,000 रुपये प्रति व्यक्ति लिए। शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की। एसीपी सृष्टि भट्ट के नेतृत्व में टीम ने पोइलान को गिरफ्तार किया।
पोइलान के पास से ठगी की रकम से खरीदे गए 31 ग्राम सोने के सिक्के बरामद हुए। उसके पास से 19 पासपोर्ट, पांच मोबाइल फोन, तीन कंप्यूटर और मुहरें भी मिलीं। मुस्तकीम के पास से दो सोने की चेन, छह मोबाइल फोन और 10 एटीएम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस अब गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी से सोने के बदले लिए गए ऋण की जांच कर रही है। पोइलान पर वर्ष 2020 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज था। मुस्तकीम का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।