-दक्षिण दिल्ली में जोर-शोर से चल रहा था नशे का ये नेटवर्क
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली में खाने के पैकेट में तस्करी करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से 19.15 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई है। इनमें 29 एक्स्टेसी गोलियां और ड्रग क्रिस्टल रूप शामिल हैं। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि इंस्पेक्टर विनय कुमार की टीम ने 12 अप्रैल की रात छतरपुर के हरगोविंद एन्क्लेव इलाके में छापा मारा। एक टैक्सी को रोककर उसके चालक गोविंदपुरी निवासी दीपक कुमार (37) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 25 एक्स्टेसी गोलियां और 14.95 ग्राम एमडीएमए क्रिस्टल बरामद हुआ। पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह एक सप्लायर के लिए कुरियर के रूप में काम कर रहा था। उसकी निशानदेही पर सप्लायर पर्यावरण कॉम्प्लेक्स, साकेत निवासी मोहम्मद फरहान (33) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी कैब के जरिए गुप्त रूप से डिलीवरी नेटवर्क चला रहे थे और पकड़ से बचने के लिए ड्रग्स को खाने के पैकेट में छिपाकर ले जाते थे। ये निगरानी से बचने के लिए अक्सर मोबाइल फोन, सिम कार्ड और ठिकाने बदलते रहते थे। मामले में आगे की जांच जारी है