अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी दिल्ली में साइकोट्रॉपिक दवाओं की अवैध आपूर्ति करने वाले एक गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान 32 वर्षीय अमित उर्फ भोका और 40 वर्षीय आबिद अली उर्फ साहिल खान के रूप में हुई है।
बाहरी-उत्तरी पुलिस उपायुक्त शोभित सक्सेना ने बताया कि शाहबाद डेयरी इलाके में अमित के कब्जे से 56.1 ग्राम वजन की ब्यूप्रेनॉर्फिन और नालोक्सोन की 594 सबलिंगुअल गोलियां बरामद की गईं। वहीं, आबिद अली से 76.8 ग्राम वजन की 800 और गोलियां बरामद हुईं हैं।
इस संबंध में शाहबाद डेयरी थाने में मादक पदार्थ और एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अमित आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मामले में उसे दोषी भी ठहराया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की आगे जांच की जा रही है।