दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की सिगरेट बेचने वाले दो आरोपियों अर्जुन नगर, कोटला मुबारकपुर, दिल्ली (42) और विजय गुप्ता (49) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से छह लाख रुपये की कीमत की अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की 58,500 प्रतिबंधित सिगरेट बरामद की गई हैं
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह के अनुसार शाखा में तैनात इंस्पेक्टर कमल कुमार को एक सूचना मिली थी कि कोटला मुबारकपुर क्षेत्र में प्रतिबंधित सिगरेट बेची जा रही है।
इंस्पेक्टर सतेंद्र मोहन के नेतृत्व इंस्पेक्टर कमल कुमार, एसआई आशीष शर्मा, गुलाब सिंह व समय सिंह की टीम ने दुकान नंबर 944, लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स, अर्जुन नगर, कोटला मुबारकपुर, दिल्ली में स्थित गणपति ट्रेडर्स पर 25 दिसंबर को छापेमारी की। यहां चार प्रतिबंधित सिगरेट ब्रांड पाए गए। इसमें 3300 एस्से लाइट्स सिगरेट थीं। इसके पुलिस ने दुकान चला रहे नरेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नरेश की निशानदेही पर प्रतिबंधित सिगरेट का बड़ा जखीरा मिला।
यहां से सिगरेट एस्से स्पेशल गोल्ड, गुदांग गरम, डनहिल स्विच, जेरम ब्लैक, पेरिस स्पेशल फिल्टर सिगरेट, एस्से लाइट्स, एस्से चेंज और बेन्सन एंड हेजेज ब्रांड की मिली। आरोपी नरेश गुप्ता ने खुलासा किया कि वह मेसर्स वीरेंद्र सिगरेट स्टोर के विजय गुप्ता नामक व्यक्ति के साथ इन प्रतिबंधित सिगरेटों का व्यापार कर रहा था।
पुलिस टीम ने पंजाबी बाजार, कोटला मुबारकपुर, दिल्ली स्थित मेसर्स वीरेंद्र सिगरेट स्टोर के परिसर में छापेमारी कर सिगरेटों की कुल मात्रा 3200 (प्रत्येक की कीमत 10 रुपये) के साथ विजय को पकड़ लिया। जब्त सिगरेट के डिब्बों पर भारत सरकार के परिवार और स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी वैधानिक चेतावनी नहीं है।