नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन नौकरी ठगी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए गढ़ी निवासी मोहम्मद अकबर (32) और द्वारका निवासी रूपेंद्र कुमार (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने नौकरी दिलाने के बहाने कई लोगों से रुपये वसूले। रूपेंद्र के खिलाफ डकैती और हथियार अपराध के दो मामले दर्ज हैं।
डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि मामला तब उजागर हुआ जब रोहिणी निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि एक वेबसाइट के जरिये एक व्यक्ति ने उसे पैनल एडवोकेट की नौकरी का लालच देकर 39,498 ठग लिए।
जांच में पता चला कि रकम अकबर और संजय अहिरवाल के खातों में गई थी। पुलिस ने अकबर को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने रूपेंद्र, संजय अहिरवाल और मास्टरमाइंड प्रद्युम्न पांडे के नाम बताए। रूपेंद्र 10 प्रतिशत कमीशन लेकर बैंक खातों की व्यवस्था करता था। पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेक बुक और सिम कार्ड बरामद किए हैं। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। ब्यूरो