दक्षिण-पश्चिम जिले की वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस ने गिरोह का किया पर्दाफाश
नई दिल्ली । दक्षिण-पश्चिम जिले की वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों, 34 वर्षीय सूरज और 20 वर्षीय हनी को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह महिपालपुर इलाके में उत्तराखंड, नेपाल और पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाता है। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने धोखाधड़ी और झपटमारी के तीन मामले सुलझा लिए हैं।
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि आरोपी नकद रुपये के बदले खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने का झांसा देते थे। पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड के चंपावत निवासी पीएस बोहरा से आरोपियों ने 30 हजार नकद मांगे और बदले में यूपीआई से ऑनलाइन पैसे भेजने की बात कही। पीड़ित जब एटीएम से पैसे निकाल रहा था, आरोपियों ने छुपकर पिन देख लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल लिया और बाइक स्टार्ट कर अपने साथी के साथ फरार हो गया। बाद में उसी फोन और पिन का इस्तेमाल कर पीड़ित के बैंक खाते से 70 हजार और उड़ा लिए।
जांच के बाद पुलिस ने शकूरपुर और रोहिणी इलाके में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। मुख्य आरोपी सूरज शकूरपुर का रहने वाला है, जो चाइनीज फूड का ठेला लगाता है। उस पर पहले से ही चोरी के छह मामले दर्ज हैं। वहीं, उसका साथी हनी एक मजदूर है। ब्यूरो