ग्रेटर नोएडा बीटा-2 पुलिस कोतवाली ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान यातायातकर्मी को टक्कर मारने वाले आरोपियों को परी चौक के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हिमांशू निवासी निवासी चिपियाना बुजुर्ग व अमन निवासी गांव नवाडी थाना भरकच्चो जिला कोडरमा झारखंड के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अल्टो कार को भी बरामद कर लिया गया है।
यातायात पुलिस शुक्रवार को पी-3 गोलचक्कर पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यथार्थ अस्पताल की ओर से एक अल्टो कार तेज रफ्तार में लहराते हुए आती दिखाई दी। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो चालक ने कार नहीं रोकी। बल्कि जान से मारने की नीयत से मुख्य आरक्षी को टक्कर मार दी और मौके से फरार होने की कोशिश की। ट्रैफिक पुलिस की ओर से तुरंत ही इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
इसी दौरान परी चौक पर चेकिंग कर रही बीटा-2 पुलिस टीम को अलर्ट किया गया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कार को रोक लिया। मौके पर ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी तेज गति से वाहन चला रहे थे। पुलिस की रोक-टोक पर उन्होंने जानबूझकर टक्कर मारी। आरोपियों ने यातायातकर्मियों की जान को भी खतरे में डाला। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
पूर्व में भी आ चुके हैं मामले
- 15 मई 2025 को को प्राइवेट के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रैफिक कांस्टेबल को सीधे टक्कर मारने का प्रयास किया। गनीमत रही थी कि मौके पर मौजूद साथी पुलिसकर्मी ने कांस्टेबल का हाथ पकड़कर उन्हें साइड में खींच लिया था। इस मामले बीटा 2 कोतवाली पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
- 24 मई को परी चौक पर टैक्सी चालक द्वारा ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टैक्सी चालक ने चालान की कार्रवाई से बचने के लिए पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ट्रैफिक कांस्टेबल ने बीटा-2 कोतवाली में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।