फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिकनिक पर आए मासूम की मैनहोल में गिरकर मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
सराय काले खां इलाके में सोमवार दोपहर प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा छठी कक्षा के मासूम को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। स्कूल के अन्य बच्चों के साथ पिकनिक मनाने आया 12 साल का लावांश शांति स्तूप के पास बने गहरे रेन वाटर हार्वेस्टिंग टैंक में गिर गया।
विज्ञापन


पुलिस की मानें तो हादसे के समय टैंक के मैनहोल पर लगा ढक्कन गायब था। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने मासूम को निकालकर एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया।

सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने संबंधित सिविक एजेंसी पीडब्ल्यूडी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पांच साल पहले लावांश के पिता की हो गई थी मौत

लावांश परिवार के साथ जे-30, गली नंबर-7, लक्ष्मी नगर में रहता था। इसके परिवार में मां सरोज रानी, बड़ा भाई हर्ष (14) व एक शादीशुदा बड़ी बहन विशु है। करीब पांच साल पहले लावांश के पिता अरुण कुमार श्रीवास्तव की कैंसर से मौत हो गई थी।

तभी से सरोज टिफिन सप्लाई कर अपने बच्चों को पाल रही हैं। लावांश ललिता पार्क स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का छात्र था। सोमवार सुबह वह अपनी कक्षा के करीब 40 बच्चों व दो शिक्षकों के साथ इंद्रप्रस्थ पार्क व उसके पास बने शांति स्तूप में पिकनिक मनाने के लिए पहुंचे थे।

दोपहर करीब दो बजे जैसे ही लावांश की बस शांति स्तूप के पास आकर रुकी, बच्चे बस से उतर गए। इस बीच शांति स्तूप के पास ही बने रेन हार्वेस्टिंग टैंक में लावांश गिर गया। बच्चों ने अपने शिक्षकों लावांश के गिरने की जानकारी दी।
विज्ञापन

लावांश को बेहोशी की हालत में टैंक से निकाला

खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लावांश को बेहोशी की हालत में टैंक से निकाला। एलएनजेपी अस्पताल ले जाने पर लावांश को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस स्कूल के शिक्षकों से भी पूछताछ कर रही है।

लावांश की मौत के बाद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। परिवार स्कूल के शिक्षकों को भी लापरवाही के लिए दोषी मान रहा है। परिजनों का कहना है कि मैनहोल खुला भी था तो साथ गए शिक्षक कहां थे। परिवार ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

लावांश की किराएदार महिला पूजा ने बताया कि पिछले काफी दिनों से वह अपनी मां से पिकनिक पर जाने की जिद कर रहा था। पहले तो मां उसे भेजने को तैयार नहीं थी, लेकिन बेटे की जिद के आगे वह तैयार हो गई थी। लावांश का बड़ा भाई हर्ष भी इसी स्कूल में नौवीं का छात्र है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें