गुरुग्राम के सेक्टर 65 स्थित M3M गोल्फ एस्टेट अपार्टमेंट में बिल्डर और वहां रहने वाले लोगों के बीच पार्टी आयोजन को लेकर विवाद हो गया है। यह विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है।
दरअसल, गोल्फ एस्टेट में रहने वाले परिवारों ने बिल्डर पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि बिल्डर रिहायशी परिसर में एक पार्टी का आयोजन कर रहा है। वहां के निवासियों ने इसका विरोध किया। उनका कहना है कि यह एक व्यवसायिक गतिविधि है। जिससे यहां के लोगों को परेशानी हो रही है।
लोगों का कहना है कि गोल्फ कोर्स में पार्टी का आयोजन न हो। लेकिन बिल्डर इसे मानने के लिए तैयार नहीं है और वह वहां पार्टी करने पर अड़ा हुआ है। लोगों का कहना है कि बिल्डर ने गोल्फ कोर्स में पार्टी आयोजित करने के लिए एक ढांचा भी तैयार कर दिया है। जिसके विरोध में वहां के लोग उतर आए हैं। उनका कहना है कि कार्यक्रम का आयोजन गोल्फ कोर्स में न करके क्लब में किया जाए।
इसको लेकर वहां के लोगों और बिल्डर के बीच जमकर बहस हुई। काफी देर तक बहस होने के बाद वहां के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इस मामले में वहां के लोगों ने बिल्डर पर मैंटेनेंस ना कराने समेत कई आरोप लगाए हैं। वहां के निवासियों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।