विधिक माप विभाग ने बुधवार को पटेल नगर सेकेंड में रसोई गैस सिलेंडरों में घटतौली पकड़ी। वसुंधरा स्थित एचपी की एजेंसी के हॉकर लोहे के उपकरण से भरे हुए सिलेंडरों से रिफिलिंग कर रहे थे।
विभागीय अधिकारियों ने जब जांच की तो उसमें 6 सिलेंडरों में 800 ग्राम से लेकर 3 किलो तक रसोई गैस कम पाई गई। अधिकारियों ने मौके पर ही सीजर काटकर कंपनी, एजेंसी संचालक और हॉकरों को नोटिस जारी किया है।
विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक हरीश प्रजापति ने बताया कि हॉकर वसुंधरा की गौरव इंटरप्राइजेज गैस एजेंसी के हैं। इनके पास से एक लोहे का उपकरण मिला, जिसकी सहायता से हॉकर भरे सिलेंडर से गैस निकालकर खाली सिलेंडर में भरते थे।
डिजिटल हैंगिंग बैलेंस भी इनके पास नहीं था। सिलेंडरों की जांच की गई तो 6 सिलेंडरों में तीन किलो तक गैस कम मिली।
लिहाजा दोनों हॉकर, गैस एजेंसी व एचपी गैस कंपनी को पार्टी बनाते हुए नोटिस जारी किया गया है। जांच टीम में निरीक्षक राजेश कुमार, भरत भूषण, भास्कर आदि उपस्थित थे।