आनंद विहार इलाके में दसवीं कक्षा के छात्र के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप ट्यूशन टीचर पर है कि ट्यूशन पढ़ाने के दौरान वह छात्र के साथ लुकाछिपी का खेल खेलने लगा और वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने छात्र को किसी को नहीं बताने की धमकी भी दी, लेकिन पीड़ित ने अपने परिजनों को सारी बात बता दी। परिजनों की शिकायत पर आनंद विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्यूशन टीचर इमरान (33) को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक 15 साल का छात्र अपने परिजनों के साथ आनंद विहार इलाके में रहता है। वह इमरान नाम के ट्यूशन टीचर से अंग्रेजी का ट्यूशन लेता था। इमरान उसे घर में आकर पढ़ाता था। शुक्रवार को छात्र घर पर अकेला था। इसी दौरान इमरान वहां पहुंचा। पढ़ाई के दौरान वह छात्र के साथ लुका छिपी का खेल खेलने लगा। आरोप है कि छात्र बाथरूम में छिपा हुआ था।
इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और छात्र को पकड़ कर उसके साथ यौन शोषण किया। वह बच्चे को किसी को नहीं बताने की धमकी देकर चला गया। माता-पिता के घर लौटने पर पीड़ित ने सारी बात बता दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्चे का मेडिकल करवाया और पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।