संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
जिले से गुजरने वाले केएमपी एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे केमिकल से भरे टैंकर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद चालक लंबे समय तक केबिन में फंसा दर्द से कराहता रहा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार चालक लगातार मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन केबिन बुरी तरह दब जाने के कारण उसे तुरंत बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया। घटना की सूचना मिलते ही केएमपी धुलावट थाना प्रभारी श्री कृष्ण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ड्राइवरों और राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घायल चालक रोहतक का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के चलते एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक और टैंकर को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। हाल ही में यूपी पुलिस जवानों की सड़क दुर्घटना में मौत की घटना के बाद जिला पुलिस लगातार वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने के प्रति जागरूक कर रही है। केएमपी धुलावट थाना प्रभारी का कहना है कि घायल चालक के परिजनों को सूचना देकर बुला लिया गया था। काफी मशक्कत के बाद ट्रक चालक को बाहर निकल गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक चालक की स्थिति ठीक है खतरे की कोई बात नहीं है।