बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) पर रविवार को टाटा टी-वन प्राइमा ट्रक रेसिंग का रोमांच लोगों के सिर चढ़कर बोला। 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ते ट्रकों ने मौके पर मौजूद 60 हजार दर्शकों के रौंगटे खड़े कर दिए।
तीन अलग-अलग रेस में देसी और विदेशी ट्रक ड्राइवरों ने खेल दिलचस्प बना दिया। सुनिधि चौहान और पंजाबी गायक बादशाह के गीतों ने रफ्तार के इस रोमांच में जमकर समा बांधा।सुपर हिट गीत लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल, अभी तो पार्टी शुरू हुई है और डीजे वाले बाबू जैसे गानों पर युवाओं के कदम थिरकते नजर आए। वहीं, सुनिधि के दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड, छोकरा जवां रे और क्रेजी किया रे जैसे गीतों पर दर्शकों ने जमकर लुत्फ उठाया।
रविवार को छुट्टी के दिन कई राज्यों के लोग यहां रेस देखने पहुंचे। ट्रकों की रफ्तार और दर्शकों के शोर से पूरा सर्किट गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व क्रिकेटर विरेंद्र सहवाग ने रेस में पहली बार भाग ले रहे भारतीय ट्रक ड्राइवरों की हौसलाफजाई करते हुए मोटर स्पोर्ट्स के इस खेल में इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बधाई दी।