-महेंद्र पार्क के आजादपुर मंडी के पास हुआ हादसा, पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तर-पश्चिमी जिला के महेंद्र पार्क इलाके में शुक्रवार की सुबह आजादपुर मंडी के पास एक ट्रक ने सब्जी लदे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार सब्जी विक्रेता 40 साल के सुदीप राय की मौत हो गई। वहीं ई-रिक्शा चालक रंजन कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर उसके चालक आजमगढ़ यूपी निवासी 32 साल के आनंद कुमार को पकड़ा है।
जिले के पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह महेंद्र पार्क थाना पुलिस को सराय पीपल थला स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस को एक क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा और ट्रक खड़ा मिला। पूछताछ में पता चला कि ई-रिक्शा चालक रंजन कुमार शर्मा को पहले ही बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा जा चुका है, वहीं सड़क पर अचेत अवस्था में मिले सुदीप राय कोे पुलिस अस्पताल लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच में पता चला कि सुदीप पेशे से सब्जी विक्रेता थे और मंडी से सब्जी खरीदकर जा रहे थे।