कापसहेड़ा इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला गिर गई और ट्रक उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति घायल है।
विज्ञापन
घायल होने के बावजूद पीड़ित ने पीछा कर भाग रहे ट्रक चालक को दबोच लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सहरसा, बिहार निवासी मौसम कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृत महिला की पहचान शारदा (58) के रूप में हुई है, जबकि पति की पहचान दिलीप ठाकुर के रूप में हुई है। दिलीप ने पुलिस को बताया कि वह गुरुग्राम में रहते हैं और सेना से सेवानिवृत हैं।
विज्ञापन
12 दिसंबर की सुबह वह पत्नी का चेकअप करवाने के लिए आरआर अस्पताल लेकर आ रहे थे। दोनों स्कूटी पर थे। द्वारका एक्सप्रेसवे से कुछ दूर आगे जाने पर पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों गिर गए।
इसी दौरान ट्रक का पहिया उसकी पत्नी के ऊपर से गुजर गया। आरोपी चालक घटना को अंजाम देकर ट्रक लेकर भागने लगा। घायल होने के बावजूद दिलीप ने ट्रक चालक का पीछा किया और कुछ दूर जाने के बाद चालक को पकड़ लिया। उसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी।