मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि प्रसाद नगर थाने में लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का मामला दर्ज कर लिया है। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से छानबीन की जा रही है। आरोपी ट्रक चालक की पहचान कर ली गई है। उसकी तलाश में तीन टीमें छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मूलरूप से कल्याणपुर, गोरखपुर, यूपी का रहने वाला आयुष दिल्ली के करोल बाग स्थित चाइना मार्केट में किराए का फ्लैट लेकर रह रहा था। इसके परिवार में पिता संतोष कुमार यादव, मां व अन्य सदस्य हैं। आयुष परिवार में इकलौता बेटा था। इसके पिता गोरखपुर में ही अपना कारोबार करते हैं।
आयुष राजेंद्र नगर में यूपीएससी की कोचिंग कर रहा था। इसके मामा का बेटा अनुभव पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर था। वह नोएडा में रहकर वहीं एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। अनुभव का परिवार नवागांव, गोरखपुर में रहता है। इसके परिवार में पिता विनोद कुमार यादव, मां और एक बहन हैं। इसके पिता अधिवक्ता हैं।
शुक्रवार रात अनुभव अपने भाई से मिलने उसके फ्लैट पर करोल बाग आया हुआ था। शनिवार तड़के दोनों अपने एक दोस्त की बाइक लेकर बाहर निकले। इस बीच पूसा रोड पर पीछे से आए एक ट्रक ने इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाद में वह मौके से फरार हो गया। वहां से गुजर रहे डीटीसी बस के ड्राइवर यादराम ने पुलिस को खबर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अनुभव की मौके पर ही मौत थी, जबकि आयुष की सांसें चल रही थीं। उसे फौरन आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराकर दोनों के शव परिजनों के हवाले कर दिए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।