दादरी कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड स्थित मुख्य तिराहे पर मंगलवार रात जाम खुलवा रहे एक दारोगा को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उनके हाथ-पैर और पेट में गंभीर चोटें आईं हैं। गंभीर हालत में उन्हें दादरी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें गाजियाबाद रेफर कर दिया गया है। चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है हालांकि पुलिस ने लाल कुआं के पास से उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि दादरी में मंगलवार रात शादी-समारोहों के चलते जीटी रोड पर अचानक जाम लग गया था, जिससे पुलिस के कई दारोगा जाम को हटाने में मशक्कत कर रहे थे। जाम को हटाते समय दादरी कोतवाली में तैनात दारोगा सत्य प्रकाश ट्रक को रोकने लगे, लेकिन चालक ने रफ्तार तेज कर दिया। सत्यप्रकाश पीछे हटे फिर भी ट्रक की चपेट में आ गए। जिससे उनका एक हाथ, एक पैर और पेट टायर से कुचल गया। हादसे में उनकी मांसपेशियां बुरी तरह से कुचल गईं साथ ही हाथ-पैर काम करना बंद कर दिया
दारोगा की चीख सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मगर तब तक आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने आनन-फानन में दारोगा को दादरी के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन वहां पर हालत गंभीर हुई तो डॉक्टरों ने उन्हें गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज करके आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी पुलिस पर हो चुके हैं हमले
करीब 10 साल पहले एक ट्रक चालक ने सिपाही को गर्दन से पकड़कर करीब एक किलोमीटर दूर ले जाकर फेंका था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। करीब पांच साल पहले होमगार्ड को कार चालक ने जीटी रोड पर टक्कर मारकर घायल कर दिया था। तीन साल पहले तीन बदमाशों को वाहन चेकिंग के लिए रोकते समय दारोगा पर कार चढ़ा दी थी। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में एक कार सवार युवकों ने दारोगा को कुचल दिया था। हाल ही में एक होमगार्ड को वाहन चेकिंग के दौरान टक्कर मार दी थी जिससे वो बोनट पर जा पड़ा था। आरोपी छात्र उसे उसी हाल में करीब एक किलोमीटर तक ले गए थे।