पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में ललिता पार्क के पास रविवार देर रात एक ट्रक पर लदी क्रेन फुटओवर ब्रिज से टकरा गई। क्रेन के टकराने से फुटओवर ब्रिज का एक बड़ा हिस्सा गिर गया, जिसकी वजह से रोड की एक कैरेजवे को बंद करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने फुटओवर ब्रिज के हिस्से को हटाकर हालात सामान्य किए। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, अक्षरधाम मंदिर के पास एक क्रेन लोड करके गीता कॉलोनी पुस्ता रोड के माध्यम से बुराड़ी दिल्ली ले जाया जा रहा है। रात को जब ट्रेलर ट्रक ललिता पार्क फुटओवर ब्रिज के नीचे से गुजर रहा था, तभी हुई क्रेन पुल से टकरा गई। जिससे पुल का एक हिस्सा सड़क पर गिर गया और एक तरफ का यातायात अवरुद्ध हो गया। पुलिस ने सड़क साफ कर दी है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
एफआईआर नंबर 581/23 दिनांक 23-10-23 के तहत आईपीसी की धारा 279/427 के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही ड्राइवर नीरज (28) निवासी सराय खानी, थाना सुजानपुर जिला जौनपुर को पकड़ लिया गया है। आगे की जांच जारी है।