दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस वे के इफ्को चौक फ्लाई ओवर पर बृहस्पतिवार की अल सुबह जयपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने सामने वाहन में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद दिल्ली जा रहा ट्रक फ्लाईओवर पर क्षतिग्रस्त हो गया। एक्सप्रेस वे कंपनी की ओर से उसे शाम चार बजे किनारे हटाया गया।
दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस वे पर जयपुर से दिल्ली की ओर आ रहा ट्रक इफ्को चौक के फ्लाईओवर पर अल सुबह लगभग पांच बजे एक ट्रक ने आगे चल रहे अज्ञात वाहन को टक्कर मार दी, जिससे ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक एक्सप्रेस-वे लेन के बीचोंबीच खड़ा हो गया। इसके बाद वाहन उसके दोनों ओर से गुजर रहे थे।
इस दौरान एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की लंबी लाईनें लग गई और वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। सायं के लगभग चार बजे दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन से हटाया गया, तब जाकर एक्सप्रेस-वे की जयपुर-दिल्ली लेन पर ट्रैफिक सुचारू हुआ।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों से बात की गई तो उनको एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाग्रस्त हुए ट्रक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
जबकि एक्सप्रेस-वे पर लगभग 11 घंटों तक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक ट्रैफिक व्यवस्था को बाधित किए हुआ था। टीआई हाईवे के अनुसार, वाहन दुर्घटना की जानकारी टोल कंपनी को दे दी गई थी। इसके बाद वाहन किनारे कराने की जिम्मेवारी टोल कंपनी की होती है।