कोटगांव फाटक के पास मंगलवार तड़के बैक करते समय ट्रोला चालक ने दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसका दोस्त घायल हो गया।
पुलिस की मानें तो ट्रोला चालक से पीड़ित पक्ष का समझौता हो गया है। आरोपी पक्ष ने बुधवार को मुआवजा देने का वादा किया है।
परिजनों को डर है कि वह मुकर न जाएं, इसलिए मुआवजा मिलने के बाद अंतिम संस्कार करेंगे। शव पोस्टमार्टम हाउस में हैं। परिजन शव लेने नहीं गए हैं।
सोनू (19) निवासी चिपियाना अपने दोस्त के साथ कोटगांव फाटक पर अलाव ताप रहा था। इस दौरान सरियों से लदे एक ट्रोले को चालक बैक करने लगा। ट्रोले में परिचालक नहीं था।
ट्रोले चालक ने लापरवाही से सोनू और उसके दोस्त को कुचल दिया। हादसे के बाद शोर मचाने पर आरोपी ट्रोला छोड़कर भाग गया।
गंभीर रूप से घायल सोनू की मौके पर मौत हो गई, उसका साथी घायल था, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया।
एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, लेकिन परिजनों ने अभी शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है।
सड़क हादसे में घायल चौकीदार की मौत
मुरादनगर में एक सप्ताह पूर्व रावली रोड पर ऑटो की टक्कर से घायल चौकीदार की उपचार के दौरान मौत हो गई। खिमावती गांव निवासी बाबू (50) परिवार के साथ रहते थे।
वे बिजली घर में चौकीदार थे। परिवार में पत्नी रोशनी, दो बेटी और दो बेटे हैं। दामाद मुकेश ने बताया कि 15 दिसंबर की सुबह बाबू गांव आने को वाहन का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान मुरादनगर की ओर से आ रहे ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ऑटो पलट गया। बाबू, आटो सवार एक महिला और बच्चा घायल हो गया। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में बाबू ने दम तोड़ दिया।