- दिल्ली मेट्रो को जल्द मिलेंगे 312 अत्याधुनिक कोच (52 ट्रेन सेट, प्रत्येक में 6 कोच)
धनंजय मिश्रा
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के फेज-4 के तीन कॉरिडोर पर तिरंगा थीम की ट्रेनें चलेंगी। यात्रियाें के लिए जल्द ही 312 कोच (52 ट्रेन सेट, प्रत्येक में 6 कोच) सेवा में उतारने की तैयारी चल रही है। यह ट्रेनें बिना ड्राइवर के होंगी साथ ही इनके कोच का रंग राष्ट्रीय ध्वज के रंगों (केसरिया, सफेद और हरा) में होगा। अभी इन ट्रेनों को मैजेंटा लाइन, पिंक लाइन विस्तार और गोल्डन लाइन पर उतारा जाएगा।
डीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि नए दौर की आधुनिक और ऊर्जा-कुशल ट्रेनों को सार्वजनिक सेवा में उतारने की तैयारी हो चुकी है। डीएमआरसी की ओर से 312 कोच की आपूर्ति के लिए अल्स्टॉम ट्रांसपोर्ट इंडिया लिमिटेड को अनुबंध दिया गया था। अब ये ट्रेनें परीक्षण और सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद जल्द ही यात्रियों की सेवा में उतरेंगी। इन ट्रेनों ने रेलवे डिजाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) के ऑसिलेशन और इमरजेंसी ब्रेक ट्रायल सहित सभी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। संचालन से पहले इन्हें सीएमआरएस (कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी) की अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है। डीएमआरसी का कहना है कि इन नए कोचों से यात्रा का अनुभव और भी आरामदायक और सुरक्षित होगा। भीड़भाड़ वाले कॉरिडोर पर ड्राइवरलेस ट्रेनें सेवा की आवृत्ति बढ़ाने में मदद करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेनें पुरानी मेट्रो ट्रेनों की तुलना में तेज गति से रफ्तार भर सकेंगी। साथ ही परिचालन के दौरान इन ट्रेनों से शोर भी कम होगा। इसके अलावा फेज तीन की वर्तमान स्वचालित मेट्रो ट्रेनों की तरफ फेज चार की नई मेट्रो ट्रेनों के कोच की सीट रंग बिरंगी नहीं होगी। सभी कोच में यात्रियों के मोबाइल व लैपटाप चार्जिंग की सुविधा होगी।
350 ट्रेनें चार, छह और आठ कोच के संयोजन में चल रही
इनका डिजाइन न केवल अत्याधुनिक है बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल को भी बल देता है। इनकी अधिकतम डिजाइन स्पीड 95 किमी/घंटा और परिचालन स्पीड 85 किमी/घंटा होगी। वर्तमान में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 394 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 289 स्टेशन शामिल हैं। करीब 350 ट्रेनें चार, छह और आठ कोच के संयोजन में चल रही हैं। मेट्रो नेटवर्क पर दिसंबर 2020 में मैजेंटा लाइन पर भारत की पहली ड्राइवरलेस मेट्रो सेवा शुरू हुई थी, जिसे नवंबर 2021 में पिंक लाइन तक बढ़ाया गया। अब फेज-चार के नए कोचों से यह क्षमता और बढ़ेगी।
इस साल शुरू हो सकता है पिंक लाइन विस्तार पर परिचालन
फेज-चार के मौजपुर-मजलिस पार्क मेट्रो लाइन पर इस साल मेट्रो ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सकता है। कॉरिडोर के मजलिस पार्क से जगतपुर गांव के बीच मेट्रो का ट्रायल भी पूरा हो चुका है। इसी कॉरिडोर के जगतपुर गांव से मौजपुर के बीच मेट्रो का ट्रायल किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस साल 12.32 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस काॅरिडोर पर कुल आठ स्टेशन होंगे।
इन कॉरिडोर पर चलेंगी ट्रेनें
- जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग, मैजेंटा लाइन विस्तार : 144 कोच (24 ट्रेन सेट)
- मुकुंदपुर–मौजपुर, पिंक लाइन विस्तार : 90 कोच (15 ट्रेन सेट)
- एरोसिटी से तुगलकाबाद तक गोल्डन लाइन : 78 कोच (13 ट्रेन सेट)
यह खाशियत
- 90फीसदी से अधिक मेक इन इंडिया कंटेंट
- एचवीएसी सिस्टम अधिकतम ऊर्जा दक्षता के साथ
- हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी और बेहतर पब्लिक डिस्प्ले सिस्टम