एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि धीमी गति से शुरू हुए ट्रायल में नमो भारत ट्रेन को मैन्युअल तरीके से डाउन लाइन पर चलाया गया। एनसीआरटीसी की टीम ने सिगनलिंग सिस्टम की जांच की और ट्रैक, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर (पीएसडी), ओवरहेड पावर सप्लाई सिस्टम जैसे विभिन्न उप-प्रणालियों के साथ ट्रेन के एकीकरण का मूल्यांकन शुरू किया।
आने वाले दिनों में हाईस्पीड टेस्ट सहित व्यापक ट्रायल रन किए जाएंगे। ट्रेन ने 1.3 किमी लंबे पुल पर यमुना को पार किया, जिसका 626 मीटर हिस्सा नदी व बाकी खादर क्षेत्र में है। लगभग 4.5 किमी लंबे न्यू अशोक नगर-सराय काले खां खंड के संचालन से यात्री वातानुकूलित नमो भारत में यात्रा कर सकेंगे। सराय काले खां स्टेशन पर छत निर्माण सहित अन्य कार्य तेजी से चल रहा है। स्टेशन पर 12 एस्केलेटर, 4 लिफ्ट और सभी प्लेटफॉर्म पर पीएसडी लगाए जा चुके हैं। पांच एंट्री-एग्जिट का कार्य भी अंतिम चरण में है।
पूरा कॉरिडोर इसी साल होगा शुरू
वर्तमान में नमो भारत ट्रेन न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी के खंड पर चल रही है, जिसमें 11 स्टेशन शामिल हैं। सराय काले खां स्टेशन के खुलने से कॉरिडोर का और विस्तार होगा। 82 किमी लंबे पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों का संचालन इसी साल शुरू करने का लक्ष्य है। इसके बाद सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक की दूरी एक घंटे से भी कम समय में तय हो सकेगी। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच तेज, आरामदायक व पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का अनुभव मिलेगा। सराय काले खां स्टेशन के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्रीय परिवहन में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद है।
मल्टीमॉडल हब के रूप में विकसित
सराय काले खां स्टेशन दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन है। यह मल्टीमॉडल हब के रूप में विकसित हो रहा है। यहां दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड बस स्टैंड के साथ जुड़ेगा। इससे यहां पर आने वाले हजारों यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन के सभी माध्यमों की सुविधा मिलेगी।