पलवल।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कारागार परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कारागार प्रशासन एवं पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया गया। जेल उप अधीक्षक अमित बामेल ने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और जीवन का भी अभिन्न हिस्सा हैं। स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
डॉ. विकास मित्तल एवं अल्पना मित्तल ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पौधे वायु को शुद्ध करते हैं, वर्षा चक्र को संतुलित बनाए रखने में सहायक होते हैं, भूजल स्तर बढ़ाने, भूमि संरक्षण, बाढ़ एवं भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने में योगदान देते हैं।