नोएडा में लोकसभा चुनाव की तैयारी परिवहन विभाग ने भी शुरू कर दी है। मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों को लाने ले जाने के लिए जिले में करीब 250 छोटे-बडे़ वाहनों की जरूरत होगी।
इसके लिए विभाग के अधिकारियों ने स्कूल संचालकों और बस ऑपरेटरों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। चुनावी कार्य के लिए वाहन देने में अगर स्कूल या फिर ऑपरेटर आनाकानी करेंगे तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
गौतमबुद्ध नगर में 10 अप्रैल को मतदान होने हैं। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। जिले के पॉलिंग बूथों पर सुरक्षा बलों, पुलिस और चुनाव कार्य में लगे कर्मचारियों को लाने ले जाने की व्यवस्था परिवहन विभाग को करनी होगी।
यह भी पढ़ें: मोदी का समर्थन करेगी एमएनएसः राज ठाकरे
अधिकारियों के मुताबिक 8 अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच वाहन मुहैया कराने होंगे। 100 बसें, 100 मिनी ट्रक और 50 हल्के वाहनों का बंदोबस्त करना होगा।
एक अनुमान के मुताबिक सुरक्षा बलों की करीब 50 कंपनियां गौतमबुद्ध नगर में तैनात की जाएंगी। इनकी आवाजाही के लिए रोडवेज बसों को लगाया जाएगा।
एआरटीओ (प्रशासन) राजेश सिंह ने बताया कि विभाग की तरफ से वाहनों के अधिग्रहण के लिए स्कूल संचालकों के साथ बस और ट्रक ऑपरेटरों को सर्कुलर जारी किए जा रहे हैं।