नागरिकता संशोधन कानून को लेकर यमुनापार के अलग-अलग इलाकों में हुए बवाल के बाद अब यहां पूरी तरह शांति है। शनिवार और रविवार को कहीं से भी किसी हिंसा की कोई खबर नहीं आई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में लगातार फ्लैग मार्च निकाल रहे हैं।
शाहदरा, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में गश्त करने की हिदायत दी गई है। सोनिया विहार और हर्ष विहार को छोड़कर पूरे उत्तर-पूर्वी दिल्ली में धारा-144 फिलहाल लागू है। इसको हटाने पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया। मामला ठंडा होने तक पुलिस को अभी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
सीलमपुर और जाफराबाद इलाके में अन्य दिनों की तरह दुकानें पूरी तरह खुलीं। दुकानदारों का कहना है कि हिंसा के बाद से उनके मार्केट में ग्राहकों का आना लगभग खत्म हो गया है। लोगों में डर का माहौल भी है।
हालांकि पुलिस लगातार लोगों से लाउड स्पीकर पर शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। पुलिस लगातार अमन कमेटी, मस्जिद के इमाम व अन्य मुअज्जिज लोगों के साथ बैठक कर आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
दूसरी ओर यमुनापार में बवाल करने वाले आरोपियों की लगातार तलाश जारी है। पुलिस ने वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से इन लोगों की पहचान की हुई है। इससे पूर्व उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने शांति बनाए रखने के लिए लोगों का धन्यवाद दिया। उन्होंने इसको लेकर ट्वीट भी किया।
दरअसल, सीलमपुर, जाफराबाद, दयालपुर और सीमापुरी में सीएए और एनआरसी को लेकर बवाल हुआ था। इसमें पुलिस ने अब तक यमुनापार से कुल 44 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें 23 लोग उत्तर-पूर्वी दिल्ली व 11 लोग सीमापुरी इलाके से गिरफ्तार किए गए हैं।