फरीदाबाद ओल्ड रेलवे स्टेशन की थर्ड लाइन पर पिछले चार दिन से गिट्टी लदी मालगाड़ी ब्लाक व पॉवर की बाट जोह रही है लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से न तो उसे ब्लॉक मिल रहा है और न ही पॉवर। विभाग के उच्चाधिकारी इसे विभागीय मामला बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रेलवे ने मालगाड़ियों को खड़ी करने के लिए प्लेटफार्म नंबर-3 व 4 के बीच में दो ट्रैक रिजर्व कर रखे हैं। पिछले चार दिन से गिट्टी से भरी एक माल गाड़ी को थर्ड लाइन पर खड़ी कर रखा है।
दो दिन से उसे बल्लभगढ़ और असावटी के बीच गिट्टी डालने के लिए ब्लॉक मिलना था लेकिन ब्लॉक नहीं मिला। अब दो दिन से उसे इंजन नहीं मिल रहा है। थर्ड लाइन जाम होने के कारण अन्य माल गाड़ियों को मेन लाइन से निकाला जा रहा है।
ऐसे में पीछे आने वाली पैसेंजर गाड़ियां प्रभावित हो रही हैं। लोकल रेल संचालक जियालाल मीना का कहना है कि उच्चाधिकारियों को इस संबंध में बता दिया गया है। उधर एडीआरएम ऑपरेशन विवेक श्रीवास्तव का कहना है कि यह रेलवे का विभागीय मामला है।