दिल्ली से चलकर दनकौर जाने वाली ट्रेन नंबर-64104 ईएमयू चिपियाना रेलवे क्रासिंग के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। चिपियाना क्रासिंग के पास ट्रेन के गार्ड इंद्रजीत सिंह को झोर का झटका लगा।
इंद्रजीत सिंह ने इसकी सूचना गाजियाबाद इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के अजय शर्मा को दी, जो तत्काल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। ईएमयू बिना रुके आगे निकल गई, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से अधिकारियों ने मंडल अधिकारियों को सूचित कर हावड़ा रूट पर काशन लगा दिया।
एक घंटे सघन चेकिंग के बाद विभागीय अधिकारियों ने ट्रैक को फिट करार देकर काशन हटाया। इस घटना के चलते दिल्ली-हावड़ा रूट सुबह 6.40 से 7.50 बजे तक बाधित रहा। इससे नई दिल्ली-लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, जोगबनी एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें 40 मिनट तक बीच मार्ग में खड़ी रहीं।
कानपुर शताब्दी समेत 10 ट्रेनें फुटबैक
कोहरे के आगे ट्रेनों में लगाई गई फॉग डिवाइस भी फेल हो गई हैं। शुक्रवार को 10 ट्रेनें 20 से 18 घंटे की देरी से पहुंचीं। इसके चलते रेेलवे ने इन ट्रेनों को फुटबैक कर दिया। ट्रेनों के फुटबैक होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी हुई।
भागलपुर गरीबरथ 20 घंटे, महाबोधि 18 घंटे, विक्रमशीला 12 घंटे, नार्थईस्ट एक्सप्रेस 15 घंटे, कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस 3 घंटे, कैफियत एक्सप्रेस 10 घंटे, महानंदा एक्सप्रेस 10 घंटे, पूर्विया एक्सप्रेस और जालंधर-नई दिल्ली इंटरसिटी 3 घंटे की देरी से पहुंची। ट्रेनों के लेट होने से स्टेशन पर सारा दिन यात्री परेशान हुए।
काठगोदाम शताब्दी का इंजन फेल, हंगामा
आनंद विहार से चलकर काठगोदाम जाने वाली ट्रेन नंबर-12040 काठगोदाम शताब्दी एक्सप्रेस का शुक्रवार को गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर इंजन फेल हो गया। ट्रेन चालक ने इसकी जानकारी स्टेशन और लोको शेड के अधिकारियों को दी, जिन्होंने मौके पर पहुंच डीजल इंजन नंबर 40019 में आए तकनीकी फाल्ट को दूर करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे।
अंत में अधिकारियों ने दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को रवाना किया। इंजन खराब होने से स्टेशन पर सुबह 6.39 बजे पहुंची आनंद विहार शताब्दी 9 बजे तक खड़ी रही। इससे गुस्साए यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा कर दिया। हालांकि आरपीएफ-जीआरपी के जवानों ने उन्हें शांत कर दिया। प्लेटफार्म व्यस्त होने से अहमदाबाद मेल और हरिद्वार एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनें आउटर पर खड़ी रहीं।