बाबा हरिदास नगर के झाड़ौदा कलां गांव में तालाब में डूबने से रुद्राक्ष (8) और बड़ी आराध्या (10) की मौत हो गई। सोमवार शाम दोनों खेलते हुए गायब हो गए थे। देर रात तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने दोनों बच्चों का शव तालाब में तैरते हुआ देखा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
गीतांजलि कॉलोनी निवासी दीपक पांडेय कापसहेड़ा स्थित फैक्टरी में काम करते हैं। उनकी पत्नी आशा वर्कर है। परिवार वालों ने बताया कि हाल के दिनों इलाके में जल जमाव होने की वजह से दीपक को अपना घर छोड़ना पड़ा।
वह कॉलोनी के पास झाड़ौदा कलां गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर में रह रहे थे। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे उनके दोनों बच्चे रुद्राक्ष और आराध्या घर के बाहर खेल रहे थे।
कुछ देर बाद दोनों गायब हो गए। परिवार वालों ने उनकी काफी तलाश की। यहां तक की गांव वालों ने माइक से उदघोषणा करवाई, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
सीसीटीवी कैमरे की जांच में बच्चों को मंदिर की तरफ जाते हुए देखा गया। पुलिस टीम मंदिर परिसर में मौजूद तालाब के पास गई। जहां पुलिस ने बच्चों के शव को पानी के ऊपर तैरता हुआ देखा। छानबीन में पता चला कि तालाब की सीढ़ियों पर काई जमी हुई थी। आशंका है कि पैर फिसलने से दोनों बच्चे पांच फीट गहरे पानी में चले गए। जिसकी वजह से हादसा हुआ।