दिल्ली के स्टीकर रैकेट में शामिल पुलिस वालों को दबोचने के लिए नकली पुलिसकर्मियों (डिकॉय टीमें) को सड़कों पर उतारा गया है। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी यह पता करने में जुटे हैं कि इस रैकेट को कौन चला रहा है और इनमें कौन-कौन से ट्रैफिक पुलिसकर्मी और अफसर शामिल हैं।
विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) मुक्तेश चंदर ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने तीन नकली टीम उतारी है। रैकेट को लेकर सितंबर में शिकायत आई थी। इस पर मामला दर्जकर पुलिस की विजिलेंस विभाग जांच कर रही है। इसके अलावा बुधवार से नो एंट्री में चलने वाले भारी वाहनोें के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।
पहले दिन दोपहर दो बजे तक 381 वाहन चालकों का चालान किया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इनमें से ज्यादातर भारी वाहन ऐसे थे, जिन पर स्टीकर लगा था। अभियान के दौरान नो एंट्री में दौड़ रहे ट्रक को नहीं रोकने पर ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली में स्टीकर रैकेट चल रहा है। भारी वाहन एक खास तरीके का स्टीकर फ्रंट शीशे पर लगाकर चलते हैं। जिस किसी भारी वाहन पर यह स्टीकर लगा होता है तो उसे ट्रैफिक पुलिसकर्मी नहीं रोकते हैं। स्टीकर लगे भारी वाहन भी नो इंट्री में बेरोकटोक चलते हैं। माना जा रहा है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बिना यह रैकेट नहीं चल सकता।