फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फेसबुक पर शिकायत के बाद बिना हेलमेट गश्त करते सिपाहियों का चालान 

Mon, 28 Mar 2016 09:32 AM IST
ऐहतेशाम उद्दीन अहमद/अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर की बिगड़ी हुई यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की शुरुआत पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी ने अपने ही विभाग से की है। राइडर पर बिना हेलमेट लगाए गश्त कर रहे दो सिपाहियों का चालान काट दिया गया।
विज्ञापन


दो सौ रुपये का जुर्माना वसूलने के साथ विभाग के अधिकारियों को यातायात नियम पालन का संदेश भी दे दिया गया। डीसीपी ट्रैफिक भूपेंद्र सिंह ने भी सभी थाना प्रभारियों को पत्र जारी कर इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी ने आते ही जनता से सीधे संवाद और जुड़ाव के लिए फेसबुक, ट्विटर और वाट्सएप के करीब डेढ़ साल निष्क्रिय पड़े अकाउंट एक्टिवेट कराए हैं।
विज्ञापन


दो सप्ताह पहले कमिश्नरी का पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने भरोसा भी दिलाया था कि सोशल मीडिया के जरिये जनता की शिकायतों का जल्द निस्तारण भी कराया जाएगा। उन्होंने यातायात नियम सख्ती से लागू कराने के निर्देश भी जारी किए थे।

फेसबुक पर यातायात पुलिस के पेज पर एक युवक ने लखानी धर्मशाला के पास बिना हेलमेट पहने गश्त कर रहे दो सिपाहियों की फोटो पोस्ट करते हुए सवाल किया था कि क्या इनके लिए कानून अलग से हैं? चालान और कानून सिर्फ आम आदमी के लिए ही हैं क्या?
 
पोस्ट अपलोड होते ही सीपी ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने यातायात नियम तोड़ने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश 25 मार्च को जारी किया।

इसी दिन राइडर पर बिना हेलमेट लगाए दो नंबर चौकी का सिपाही अशोक और साथी बीके चौक पर मिल गए। यातायात पुलिस ने नियम नंबर 53 और 54 (चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों ने हेलमेट नहीं पहना) का उल्लंघन बताते हुए चालान काट दिया।

सिपाही से 200 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। कार्रवाई के बाद सिपाहियों के जुर्माने की रसीद को ट्रैफिक पुलिस के फेसबुक पेज पर अपलोड भी कर दिया गया।

मुलाजिम ही यदि नियम का पालन नहीं करेंगे तो जनता से कैसे उम्मीद की जा सकती है। नियम का उल्लंघन करने पर सिपाही का चालान काटा गया है। सभी थाना प्रभारियों को चिट्ठी लिख कर विभाग के और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी  किए हैं। - भूपेंद्र सिंह, डीसीपी ट्रैफिक 

बीके चौक पर ट्रैफिक सिग्नल चालू 
शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए व्यस्ततम बीके चौक पर ट्रैफिक सिग्नल चालू कर दिए गए हैं। चालक सिग्नल का उल्लंघन न करें इसके लिए बाकायदा चार सिपाही भी तैनात किए गए हैं। सिग्नल व्यवस्था शुरू होने से अब इस चौक पर यातायात में काफी सुधार हुआ है।

ट्रैफिक थाने के मुताबिक होली से एक दिन पहले ही यह सिग्नल शुरू कराए गए हैं। फिलहाल चालकों को इसकी आदत नहीं हुई है इसलिए सिपाही तैनात किए गए हैं जो चालकों को सिग्नल के अनुसार चलने को प्रेरित कर रहे हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें