शहर की बिगड़ी हुई यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की शुरुआत पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी ने अपने ही विभाग से की है। राइडर पर बिना हेलमेट लगाए गश्त कर रहे दो सिपाहियों का चालान काट दिया गया।
दो सौ रुपये का जुर्माना वसूलने के साथ विभाग के अधिकारियों को यातायात नियम पालन का संदेश भी दे दिया गया। डीसीपी ट्रैफिक भूपेंद्र सिंह ने भी सभी थाना प्रभारियों को पत्र जारी कर इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी ने आते ही जनता से सीधे संवाद और जुड़ाव के लिए फेसबुक, ट्विटर और वाट्सएप के करीब डेढ़ साल निष्क्रिय पड़े अकाउंट एक्टिवेट कराए हैं।
दो सप्ताह पहले कमिश्नरी का पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने भरोसा भी दिलाया था कि सोशल मीडिया के जरिये जनता की शिकायतों का जल्द निस्तारण भी कराया जाएगा। उन्होंने यातायात नियम सख्ती से लागू कराने के निर्देश भी जारी किए थे।
फेसबुक पर यातायात पुलिस के पेज पर एक युवक ने लखानी धर्मशाला के पास बिना हेलमेट पहने गश्त कर रहे दो सिपाहियों की फोटो पोस्ट करते हुए सवाल किया था कि क्या इनके लिए कानून अलग से हैं? चालान और कानून सिर्फ आम आदमी के लिए ही हैं क्या?
पोस्ट अपलोड होते ही सीपी ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने यातायात नियम तोड़ने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश 25 मार्च को जारी किया।
इसी दिन राइडर पर बिना हेलमेट लगाए दो नंबर चौकी का सिपाही अशोक और साथी बीके चौक पर मिल गए। यातायात पुलिस ने नियम नंबर 53 और 54 (चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों ने हेलमेट नहीं पहना) का उल्लंघन बताते हुए चालान काट दिया।
सिपाही से 200 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। कार्रवाई के बाद सिपाहियों के जुर्माने की रसीद को ट्रैफिक पुलिस के फेसबुक पेज पर अपलोड भी कर दिया गया।
मुलाजिम ही यदि नियम का पालन नहीं करेंगे तो जनता से कैसे उम्मीद की जा सकती है। नियम का उल्लंघन करने पर सिपाही का चालान काटा गया है। सभी थाना प्रभारियों को चिट्ठी लिख कर विभाग के और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। - भूपेंद्र सिंह, डीसीपी ट्रैफिक
बीके चौक पर ट्रैफिक सिग्नल चालू
शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए व्यस्ततम बीके चौक पर ट्रैफिक सिग्नल चालू कर दिए गए हैं। चालक सिग्नल का उल्लंघन न करें इसके लिए बाकायदा चार सिपाही भी तैनात किए गए हैं। सिग्नल व्यवस्था शुरू होने से अब इस चौक पर यातायात में काफी सुधार हुआ है।
ट्रैफिक थाने के मुताबिक होली से एक दिन पहले ही यह सिग्नल शुरू कराए गए हैं। फिलहाल चालकों को इसकी आदत नहीं हुई है इसलिए सिपाही तैनात किए गए हैं जो चालकों को सिग्नल के अनुसार चलने को प्रेरित कर रहे हैं।