रात को डंपर की स्पीड बहुत ज्यादा थी। मानसिंह रोड पर छोटे से डिवाइडर से डंपर का अगला पहिया टकरा गया था। इस कारण डंपर अनियंत्रित हो गया था। अनियंत्रित होने के बाद डंपर सीधी तरफ मुड़ गया था। चालक रमन ने डंपर को नियंत्रित करने की कोशिश की, मगर उसने ब्रेक दबाने की बजाय रेस दबा दी। इससे डंपर और ज्यादा अनियंत्रित हो गया था।
डंपर के मालिक की तलाश कर रही पुलिस
इंडिया गेट हादसे के बाद पुलिस डंपर मालिक की तलाश कर रही है, मगर दूसरे दिन भी पुलिस को मालिक नहीं मिला। फिलहाल डंपर मालिक गोल्डी नाम का व्यक्ति है और उसने ही रमन को डंपर पर चालक रखा हुआ था। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डंपर लोन की किस्त न भरने की वजह से बैंक द्वारा उठा लिया गया था। पुलिस अब सेक्टर-7, नोएडा स्थित कोटक महिंद्रा बैंक से संपर्क साधकर डंपर के असली मालिक का पता कर रही है। चालक रमन ने बताया कि वह डंपर को किदवई नगर से नई दिल्ली होते हुए कमला मार्केट ले जा रहा था।
चालक को कोर्ट ने नहीं दी जमानत
हादसे के बाद चालक रमन को इंडिया गेट पर ही लोगों ने पकड़ लिया और तिलक मार्ग थाना पुलिस के हवाले कर दिया था। तिलक मार्ग थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ सड़क दुर्घटना और लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। कोर्ट ने रमन को जमानत नहीं दी है।
पुलिस डंपर की मेकेनिकल जांच कराएगी
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डंपर की मेकेनिकल जांच कराई जाएगी। जांच में ये पता लगेगा कि डंपर के अनियंत्रित होने के कारण क्या थे।