विकास मार्ग, रोड नंबर-56 और एनएच-9 पर बढ़ सकता है वाहनों का दबाव
जरूरी न हो तो आनंद विहार आईएसबीटी की ओर जाने से बचें, मेट्रो का करें इस्तेमाल
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। रक्षाबंधन पर दिल्ली से उत्तर प्रदेश और एनसीआर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से आनंद विहार इलाके में जाम की आशंका है। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर आईएसबीटी, रोड नंबर-56, विकास मार्ग और एनएच-9 पर अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है।
पुलिस के अनुसार, अंतरराज्यीय बसों और निजी वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते रोड नंबर-56 पर दबाव रहेगा, जबकि विकास मार्ग पर गाजियाबाद जाने वाले वाहनों की भीड़ बढ़ सकती है। एनएच-9 पर दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद के बीच आवाजाही के कारण जाम की संभावना बनी हुई है।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यदि आनंद विहार आईएसबीटी या रोड नंबर-56 जाना अनिवार्य न हो तो इन मार्गों से बचें। जाम से बचने के लिए रोड नंबर-57 और अन्य वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। एनएच-24 और एनएच-9 पर यात्रा करते समय डायवर्जन और पुलिस निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है। यात्रियों को मेट्रो सेवा का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी गई है।