पांच पीढ़ियों से मैनपुरी में बन रही सोहन पापड़ी, लखनऊ की मुगलकालीन चिकनकारी और मुजफ्फरनगर का नए फ्लेवर वाला गुड़...। तीनों उत्पाद उत्तर प्रदेश की अलग-अलग कारोबारी पहचान और पारंपरिक हुनर की कहानी बयां कर रहे हैं। इनमें कहीं पीढ़ियों से चली आ रही मिठास है तो कहीं महीनों और बरसों की मेहनत से उकेरी गई कारीगरी। वहीं, पारंपरिक गुड़ को अदरक और सौंफ जैसे नए स्वाद देकर बदलते बाजार के अनुरूप ढालने की कोशिश हो रही है।
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-2026 में उत्तर प्रदेश के पैवेलियन में इन उत्पादों के जरिए प्रदेश की विकास और विरासत की झलक देखने को मिल रही है। इस बार मेले की थीम ''विकास और विरासत'' है। सहयोगी राज्य के रूप में शामिल उत्तर प्रदेश ने अपने पैवेलियन में 145 स्टॉल लगाए हैं। हालांकि, इन कारोबारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती मेले में मिलने वाली पहचान को नियमित ऑर्डर, नए कारोबारी संपर्क और निर्यात के अवसरों में बदलने की है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करना ही ओडीओपी और ओडीओसी की असली कसौटी होगी।
मीम से आगे भारतीय मिठाई की पहचान बनाने की कोशिश
सोहन पापड़ी कारोबारी क्षितिज स्वरूप बताते हैं कि सोशल मीडिया पर इस मिठाई को लेकर खूब मीम और चुटकुले बनाए जाते हैं। कई बार मिठाई के स्वाद से ज्यादा उसके डिब्बे को लेकर चर्चा होती है, लेकिन मैनपुरी में यह पांच पीढ़ियों से परिवार की रोजी-रोटी का आधार बनी हुई है। उनका कहना है कि सोहन पापड़ी भारतीय मिठाइयों की पारंपरिक पहचान है। अब जरूरत इसे सोशल मीडिया के मजाक से आगे ले जाकर इसकी गुणवत्ता, स्वाद और पारंपरिक निर्माण की खासियत से जोड़ने की है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे मंच से इसे देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
सिंगल तार की चिकनकारी में बरसों की मेहनत
लखनऊ की चिकनकारी अपनी बारीक हाथ की कढ़ाई के लिए जानी जाती है। मुगलकालीन इस कला में सिंगल तार से कपड़े पर डिजाइन उकेरी जाती है। इसमें हर टांका बेहद सावधानी और कौशल के साथ लगाया जाता है। डिजाइन और कढ़ाई की जटिलता के आधार पर एक उत्पाद तैयार करने में कुछ दिन से लेकर कई साल तक लग सकते हैं। चिकनकारी कारोबारी सौरभ तिवारी बताते हैं कि इस कला से तैयार उत्पादों की कीमत 500 रुपये से लेकर तीन लाख रुपये तक होती है। कीमत डिजाइन की बारीकी, कारीगर की मेहनत और उसे तैयार करने में लगने वाले समय पर निर्भर करती है। उनके मुताबिक, ऐसे खरीदारों तक पहुंच बनाना जरूरी है जो हस्तनिर्मित उत्पादों की वास्तविक कीमत और कारीगरों के हुनर को समझते हों।
अदरक-सौंफ के फ्लेवर से गुड़ को नया बाजार
मुजफ्फरनगर के गुड़ कारोबारी मो. नदीम पारंपरिक उत्पाद को नए अंदाज में पेश कर रहे हैं। गुड़ में अदरक और सौंफ जैसे फ्लेवर मिलाकर नए विकल्प तैयार किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य उन ग्राहकों तक पहुंच बनाना है, जो पारंपरिक खाद्य उत्पादों में भी नए स्वाद पसंद करते हैं। नदीम के अनुसार, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता और ब्रांडिंग के जरिये फ्लेवर्ड गुड़ को बड़े बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। उनका मानना है कि स्थानीय उत्पादों को बदलती पसंद के अनुरूप तैयार करना कारोबार के विस्तार का रास्ता खोल सकता है।
145 स्टॉल से वैश्विक खरीदारों तक पहुंचने की उम्मीद
आईआईटीएफ-2026 में उत्तर प्रदेश के पैवेलियन में विभिन्न जिलों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और खानपान को प्रदर्शित किया गया है। ओडीओपी के तहत स्थानीय उत्पादों और ओडीओसी के माध्यम से पारंपरिक व्यंजनों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। मेले में 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 11 देशों की भागीदारी है। 3,500 से अधिक प्रदर्शक 17 हॉल में अपने उत्पाद और सेवाएं पेश कर रहे हैं। ऐसे बड़े कारोबारी मंच पर यूपी के उद्यमियों को संभावित खरीदारों, निवेशकों और निर्यातकों से जुड़ने का मौका मिल रहा है।