अपने घर की छत पर मोबाइल फोन का टावर लगवा प्रतिमाह लाखों रुपये कमाने की लालच में आकर एक व्यक्ति ठगी का शिकार हो गया। कागजी कार्रवाई के नाम पर ठग ने उससे 45,000 रुपये झटक लिए। सच्चाई सामने आने पर पीड़ित ने सारन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
ओल्ड प्रेस कॉलोनी निवासी चंद्रपाल ने कहीं मोबाइल टावर लगवाने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के मुताबिक अपने घर की छत पर टावर लगाने पर पचास साल का एग्रीमेंट कराया दस लाख रुपये एडवांस, एक व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल पर फोन किया।
उस व्यक्ति ने उन्हें कागजी कार्रवाई पूरी करने के नाम पर एक बैंक के खाते में 45,000 रुपये जमा करवाने को कहा। रुपये जमा करवाने के बाद उन्होंने दोबारा फोन किया तो फोन बंद आया।
कई बार प्रयास के बावजूद वह फोन करने वाले से संपर्क नहीं कर सके। बैंक में पता किया गया तो पता चला कि खाते में से रुपये निकाले जा चुके हैं। एसएचओ सारन ने बताया कि केस दर्ज कर ठग को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।