गांधी जयंती और सप्ताहांत की तीन दिन की छुट्टी का असर दिल्ली के बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर दिखा। शुक्रवार रात बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार, देहरादून, मसूरी, शिमला और अयोध्या के लिए रवाना हुए।
गांधी जयंती और उसके बाद शनिवार-रविवार की छुट्टी ने दिल्लीवालों को घूमने का मौका दे दिया। तीन दिन की छुट्टी का पूरा फायदा उठाने के लिए लोग शुक्रवार की रात ही घरों से निकल पड़े। इसका असर दिल्ली के प्रमुख बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर साफ दिखाई दिया। कश्मीरी गेट, आनंद विहार और सराय काले खां बस अड्डों पर देर रात तक यात्रियों की भीड़ लगी रही।
विज्ञापन
लोग बैग और सामान लेकर बसों के इंतजार में खड़े दिखाई दिए। कोई हरिद्वार जा रहा था तो कोई देहरादून, मसूरी और शिमला की ओर निकल रहा था। कई परिवारों ने अयोध्या और केदारनाथ जाने की भी योजना बनाई।
कश्मीरी गेट बस अड्डे पर हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक दिखाई दी। परिवार के साथ पहुंचे एक यात्री कमल ने बताया कि तीन दिन की छुट्टी में बाहर घूमने का मौका मिल रहा है, इसलिए शुक्रवार की रात ही निकल रहे हैं। दूसरी ओर आनंद विहार बस अड्डे पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों की भीड़ रही। कुछ लोग अपने गृह जनपद जा रहे थे तो कई परिवार छुट्टियां मनाने के लिए निकले थे। इसके अलावा सराय काले खां पर भी देहरादून और आसपास के इलाकों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी रही। रेलवे स्टेशनों पर भी यही तस्वीर देखने को मिली। प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वार पर यात्रियों की आवाजाही सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक रही।
विज्ञापन
टूर एंड ट्रैवल कारोबार से जुड़े अशोक ने बताया कि गांधी जयंती की छुट्टी और सप्ताहांत को देखते हुए शुक्रवार शाम से बाहर जाने वालों की संख्या बढ़ने लगी थी। हरिद्वार, देहरादून, मसूरी, शिमला, अयोध्या और उत्तराखंड के अन्य पर्यटन स्थलों के लिए लोगों ने टिकट और पैकेज बुक कराए। कारोबारियों के मुताबिक, कई लोगों ने आखिरी समय में भी यात्रा की बुकिंग कराई। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बस अड्डों और आसपास के इलाकों में पुलिस भी तैनात रही। वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिसकर्मी भी व्यवस्था संभालते नजर आए।