-बाबा हरिदास नगर इलाके की घटना, गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाबा हरिदास नगर इलाके में ठीक से चलने की नसीहत देना एक शख्स को भारी पड़ गया। पड़ोसी ने बेटे के साथ मिलकर उन पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित अनिल कुमार शर्मा और बीच-बचाव करने आए उनके भतीजे कमल घायल हो गए हैं। वहीं हमलावर पिता-पुत्र मौके से भाग गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम में ठेकेदार 51 वर्षीय अनिल चार मई की रात अपनी गाड़ी से बाजार जा रहे थे। इस दौरान उनका पड़ोसी संजीव अपने कुत्ते को गली में घूमा रहा था। उन्होंने संजीव को किनारे होकर चलने की नसीहत दी, ताकि उन्हें और कुत्ते को चोट न लगे। इस पर संजीव उनसे गाली-गलौज करने लगा। बाद में अनिल ने संजीव के पिता शुभराम को यह बात बताई। आरोप है कि इतना सुनते ही संजीव और उनके बेटे ने तलवार से अनिल पर हमला कर दिया। इसमें अनिल के हाथ और पेट में चोटे आईं हैं। अनिल ने बताया कि आरोपियों ने करीब तीन बार उन पर हमला किया।
इस बीच पीड़ित को बचाने आए उनके भतीजे कमल पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। कमल के हाथ में तलवार लगने से वह घायल हो गया। इलाज के बाद सात मई को पीड़ितों ने बयान दर्ज करवाए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।