सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार से बड़े आंदोलन में तब्दील हो जाएगी। मांगें पूरी न होने से आक्रोशित हड़ताली सफाई कर्मचारी सोमवार नगर निगम मुख्यालय और अधिकारियों के घरों के बाहर कूड़ा डालेंगे।
देर शाम तक चली नगर निगम सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की बैठक के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने सोमवार की सुबह निगम के सभी गैराजों पर ताला डाल कूड़ा वाहनों के भी चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
सात दिन से नगर निगम कर्मचारी वेतन बढ़ाने, कर्मचारियों को नियमित करने समेत 18 मांगों के लिए हड़ताल पर हैं। कई संगठनों की इस सामूहिक हड़ताल से शहर में हालात बिगड़ने लगे हैं।
रामलीला मंचन और नवरात्र के मद्देनजर सफाई की बजाय शहर में और गंदगी फैली हुई है। बावजूद इसके निगम अधिकारी हड़ताल खत्म नहीं करा पाए।
नगर निगम सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी राजेश चौहान ने बताया कि सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में कूड़ा भरेंगे।
इसके बाद नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी के घरों के बाहर कूड़ा डालेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार को निगम गैराज से कूड़ा लिफ्ट करने वाले वाहनों को भी नहीं निकलने दिया जाएगा।