टीकाकरण: कोरोना की वैक्सीन लगवाती महिला
- फोटो : अमर उजाला
अपोलो अस्पताल बुधवार को पूरे देश में कोविड टीकाकरण अभियान चलाएगा। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि यह अभियान 50 शहरों में 200 से अधिक अपोलो टीकाकरण केंद्रों पर सुबह सात से शाम सात बजे तक चलाया जाएगा। अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, टीकाकरण के इच्छुक लोग अपोलो 24/7 ऐप का उपयोग करके स्लॉट बुक कर सकते हैं और निकटतम अपोलो टीकाकरण केंद्र का चयन कर सकते हैं।
अस्पताल ने टीकाकरण के लिए अपने दस हजार से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया है। अपोलो अस्पताल समूह की कार्यकारी उपाध्यक्ष शोभना कानिनेनी ने कहा कि यह अभियान अधिक से अधिक लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। तीसरी लहर के खिलाफ बचाव का सबसे बेहतर तरीका वैक्सीन ही है। टीकाकरण से जीवन को सामान्य बनाने में मदद मिलेगी। अस्पताल इसके लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।