दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। देर रात हुई बारिश से तापमान गिरा तो मौसम तो खुशगवार हो गया, लेकिन किसानों की चिंताएं बढ़ गई।
बेमौसम हुई बारिश से गेहूं, सरसों समेत कई फसलों को नुकसान होगा। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को भी बारिश हो सकती है। बृहस्पतिवार को गर्मी की बढ़ने से अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात होते-होते मौसम बदल गया। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात करीब 10:15 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। उधर, 48 घंटे में दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश और ओले गिरने के आसार हैं।
वहीं, 3 और 4 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, यूपी और राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश और ओले गिरेंगे।
मोदीनगर में किसान नेता हरेंद्र नागर ने कहा कि गेहूं सरसों और चना की फसल पूरी तरह बर्बाद है। क्षति का आंकलन पर मुआवजा मिले।