शहर की खराब सड़कों पर परेशानी झेल रहे लोगों को मानसून खत्म होने का इंतजार करना होगा। इसके बाद ही सड़कों की मरम्मत का काम शुरू होगा।
सोमवार को मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा ने सेक्टर 21ए का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस बार सड़कों को सीमेंटेड बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण कार्य नगर निगम करवाएगा।
इस पर करीब 50 लाख रुपये खर्च होंगे। एक महीने के अंदर सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों पर पानी लगने से टूट चुकी सड़कों को ईंट व रोडे़-पत्थर आदि भरकर चलने लायक बनाया जा रहा है।
बारिश खत्म होने के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम की ओर से उन सड़कों की सूची बनाई जाएगी, जिनकी हालत ज्यादा खस्ता है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी करके एक के बाद एक सभी टूटी व जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।