फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जामा मस्जिद के पास पार्क में मिला टाइम बम, कई घंटे बाद पुलिस ने कहा- मॉक ड्रिल था

Sun, 11 Aug 2019 08:59 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
जामा मस्जिद के पास मिला टाइम बम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

जामा मस्जिद के पास मीना बाजार स्थित एक पार्क में बम मिलने से राजधानी में अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही सेना, एनएसजी, दिल्ली पुलिस की कई टीम, आपदा प्रबंधन, दमकल विभाग के अलावा अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं। दिल्ली पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने बम को निष्क्रिय किया। बम में टाइमर और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट भी लगा हुआ था। धमाका होने में महज तीन मिनट बचे थे, लेकिन समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया। 

विज्ञापन


इस दौरान लोगों की सांसें अटकी रही। काफी देर बाद सुरक्षा एजेंसियों व दिल्ली पुलिस ने बम मिलने की घटना को मॉकड्रिल करार देकर बम को डमी बताया, जिसे सुरक्षा जांच के लिए पुलिस की ओर से ही रखा गया था।

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा की जांच के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने मॉकड्रिल की योजना बनाई थी। इसी कड़ी में मीना बाजार के पास पार्क में डमी बम को रखकर दोपहर 3.45 बजे पीसीआर कॉल कर दी गई। 
विज्ञापन


खबर मिलते ही सेना की टीम, एनएसजी, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एफएसएल, क्राइम टीम, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्कवाड, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। डमी बम को बिल्कुल असली बम की तरह बनाया गया था। उसमें डिजिटल घड़ी की तरह दिखने वाला टाइमर और इलेक्ट्रॉनिक सर्किट भी लगाया गया था। उसके फटने का समय भी बेहद कम सेट किया गया था। मौके से काला पाउडर भी बरामद किया गया।

दिल्ली पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने बम को डिफ्यूज किया। यह सब स्थानीय लोगों के सामने हुआ तो उन्हें लगा कि असली में बम मिला है। पूरे इलाके में बम मिलने का हल्ला हो गया। कई घंटे चली अफरातफरी के बाद लोगों को डमी बम होने का पता चला तो उन्होंने राहत की सांस ली। हालांकि डमी बम को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कुछ लोगों का कहना था कि बम असली था, माहौल खराब ना हो इसके लिए पुलिस जान-बूझकर उसे डमी बम बता रही है। पुलिस ऐसे आरोपों से इंकार कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें