डेरा सच्चा सौदा मुखी गुरमीत राम रहीम इंसां को सजा सुनाए जाने के मद्देनजर सोमवार को औद्योगिक नगरी में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने मजबूत इंतजाम किए हैं। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनाती के अलावा डेरा मुखी समर्थकों के इलाके में रूट मार्च, फ्लैग मार्च कर किसी भी तरह की अराजक स्थिति से निपटने की रणनीति तय की गई है। बवाल या दंगे की स्थिति में सशस्त्र पुलिस बल के तुरंत ही मौके पर पहुंचने की रणनीति बनाई गई है।
सीबीआई कोर्ट आज डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को साध्वी से यौन हिंसा मामले में सजा सुनाएगी। सजा सुनाने के बाद एक बार फिर हिंसा भड़कने की आशंका पर पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी और जिला उपायुक्त समीर पाल सरों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां कर ली हैं। बृहस्पतिवार से चल रही शहर की सुरक्षा व्यवस्था में पिछले तीन दिनों में पुलिस और खुफिया विभाग से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा और मजबूत की गई है।
पिछले तीन दिनों में खुफिया विभाग ने डेरा प्रमुख अनुयायियों की बाहुलता वाले इलाकों की पहचान कर प्रशासन को सूचना दी है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक डेरा प्रमुख समर्थक ज्यादातर बल्लभगढ़, सीकरी, साहूपुरा, आदर्श कॉलोनी, यादव कॉलोनी, सदपुरा, मलेरना रोड, तिगांव सहित आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा बसे हैं। इनके अलावा शहर के अन्य हिस्सों में छिटपुट बसे हुए हैं। सप्ताहांत और विशेष अवसर पर सभी अनुयायी सीकरी स्थित नामचर्चा घर पर इकट्ठा होते हैं। खुफिया विभाग की सूचना पर अब इन इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।
सोमवार को इन इलाकों में पुलिस की गश्त और रूट मार्च बढ़ाई जाएगी। वैसे तो शहर में निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू है लेकिन इन इलाकों में तीन से ज्यादा लोगों को किसी भी कीमत पर इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा। इन इलाकों पर एसीपी स्तर के पुलिस अधिकारी लगातार नजर रखेंगे और आला अधिकारियों को हर घंटे स्थिति की रिपोर्ट देंगे। दंगा रोधी वाहन और सशस्त्र पुलिस बलों को हाईअलर्ट मोड पर रखा गया है कहीं भी गड़बड़ी की सूचना पर अधिकतम दस मिनट में यह दस्ता मौके पर पहुंचे इसके लिए रूट प्लान से लेकर नाकाबंदी आदि की रणनीति तैयार की गई है।
इसके अलावा शहर के सभी थानाध्यक्ष अपने इलाकों में रूट मार्च निकालेंगे। शहर के सभी प्रमुख मार्ग, सड़कों पर नाकाबंदी और वाहन चेकिंग की जाएगी।
बिना जांच के शहर में दाखिल नहीं हो सकेंगे वाहन
गुरमीत राम रहीम इंसां के समर्थक अराजकता फैलाने के लिए औद्योगिक नगरी में नहीं घुस सकें इसके लिए शहर की सभी सीमाएं सील की जा चुकी है। रविवार शाम से ही अन्य शहरों से आने वाले वाहन खासकर दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम की ओर से आने वाले हर वाहन की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। पुलिस शहर में घुसने वाले हर वाहन की पूरी डिटेल दर्ज कर रही है। वाहन चालक का नाम, पता और मोबाइल नंबर वेरिफाई करने के बाद ही वाहनों को अंदर घुसने दिया जा रहा है।
नाम चर्चा घर के बाहर पुलिस का डेरा
खुफिया ने यह भी आशंका जाहिर की थी कि रविवार को डेरा अनुयायी सीकरी स्थित नाम चर्चा घर में इकट्ठा हो सकते हैं। सूचना पर डीसीपी बल्लभगढ़ विष्णुदयाल शर्मा, सदर थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर हंसराज और सीकरी चौकी प्रभारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने इलाके में गश्त की और संदिग्धों की जांच की गई। पुलिस बल देख कर डेरा समर्थक चर्चा घर आने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
शहर में शांति-व्यवस्था सुदृढ़ है, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 पुलिसकर्मियों के अलावा सशस्त्र पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ते पूरी तरह से तैयार हैं, अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि बाबा को सजा सुनाए जाने की बातों की चर्चा सार्वजनिक स्थान पर नहीं करें, अफवाह पर ध्यान न दें और न ही इन्हें फैलाएं, शांति बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
प्रवक्ता फरीदाबाद पुलिस