नई दिल्ली के तिमारपुर इलाके में प्रतिबंधित ड्रोन उड़ाते हुए एक तिब्बती नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रोन में कैमरा लगा हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों समेत दिल्ली पुलिस ने आरोपी से कई घंटों तक पूछताछ की। कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आने पर पुलिस ने उसे थाने से ही जमानत दे दी। आरोपी पेशे से फोटोग्राफर है।
पुलिस तकनीकी एक्सपर्ट से ड्रोन कैमरे की जांच करा रही है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सरकारी आदेश का अवहेलना करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान तेनजिंग डोरजी (44)के रूप में हुई है। वह मंजनू का टीला के तिब्बती कॉलोनी में रहता है और प्रोफेशनल फोटोग्राफर है।
इसी इलाके में उसकी फोटो स्टूडियो है। शुक्रवार को वह वजीराबाद के निर्माणाधीन फ्लाईोवर पर ड्रोन में कैमरा लगाकर उसे उड़ा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही पीसीआर वैन ने ड्रोन को उड़ते हुए देखा।
पीसीआर कर्मियों ने आला अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी और बाद में युवक को हिरासत में लेकर तिमारपुर थाने पहुंचा। पुलिस ने ड्रोन कैमरे को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह काफी अरसे से तिब्बती कॉलोनी में रहता है।
करीब दो महीने पहले फुटपाथ के पास एक बैग में उसे ड्रोन मिला था। जिसे वह अपने घर पर ले आया। वह अपने मनोरंजन के लिए ड्रोन को उड़ा रहा था। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि दिल्ली में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी है।
पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी आदेश की अवहेलना करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। चूंकि मामला जमानती है इसलिए आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी गयी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।