शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार श्याम नगर पलवल निवासी रेखा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने भाई के घर जा रही थी। रास्ते में कमेटी चौक से बाजार की तरफ मुड़ी तो दो व्यक्ति मिले, जिन्होंने उससे पीने के लिए पानी मांगा। गर्मी अधिक होने के कारण उसने दुकान से बोतल खरीदकर उन्हें पीने के लिए दे दी।
दोनों ने उसे कार के पीछे बुलाया। कार के पीछे जाते ही वह बेहोश हो गई। 10 मिनट बाद उसे होश आया तो उसका मोबाइल फोन व सोने की अंगूठी गायब थी। उसने मामले की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला ने आपबीती बताई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बाजार में आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।