तिबड़ा रोड स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के पास रविवार सुबह आठ बजे ट्रैक्टर की टक्कर से तीन साल के मासूम की मौत हो गई।
हादसे के वक्त मासूम चाचा और दादी के साथ बाइक पर मंदिर जा रहा था। आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
भूपेंद्रपुरी इंद्रापुरी कालोनी निवासी अमित कुमार इलेक्ट्रिशियन हैं। उनका इकलौता बेटा प्रशांत (3) रविवार को चाचा राहुल और दादी कांता के साथ बाइक पर मंदिर जा रहा था।
तिबड़ा रोड पर लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के सामने तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक के परखच्चे उड़ गए। प्रशांत करीब 200 मीटर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों ने पुलिस को सूचित कर तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया गया। राहुल और कांता का इलाज चल रहा है।
परिवार में कोहराम मचा है। कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट मृतक के चाचा राहुल ने दर्ज कराई है। ट्रैक्टर चालक की तलाश चल रही है।
कोतवाली गेट पर वाहन ने दरोगा को मारी टक्कर, घायल
मोदीनगर कोतवाली गेट पर अज्ञात वाहन की टक्कर से कोतवाली में तैनात दरोगा कुड़वा सिंह घायल हो गए। वह सड़क पार कर रहे थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।