अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी में आरिफ की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुंदपुर निवासी विशाल, जहांगीरपुरी निवासी सरताज और स्वरूप नगर निवासी परवेज के रूप में हुई है। इनमें दो आरोपी आदर्श नगर में हुई आलम की हत्या में भी वांछित थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल बरामद की है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं। इन पर पहले से हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 17 जुलाई को हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते आरिफ की हत्या कर दी थी। वारदात में नाबालिग भी शामिल थे, जिनकी मदद से पुलिस ने अन्य युवकों को पकड़ा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।