राजस्थान की नदबई विधानसभा सीट से बसपा विधायक जोगिंदर सिंह अवाना के नोएडा स्थित आवास में एक साथ तीन चोरों ने हाथ साफ करने की कोशिश की। हालांकि चोरी की घटना को अंजाम देने में वे असफल रहे और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
विधायक अवाना का घर नोएडा के सेक्टर-11 में है। रविवार तड़के ही एक साथ तीन चोरों ने घर में घुस कर चोरी की कोशिश की, लेकिन जैसे ही वे सामान समेटने लगे, उसी दौरान परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई।
उन्हें मामला समझते देर नहीं लगी। उन्होंने चोरों को देखते ही शोर मचाया और एक चोर को पकड़ कर सेक्टर 24 थाना पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि बाकी दो चोर मौके से फरार होने में सफल रहे। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।